झारखंड बंद: छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में BJP का 11 अगस्त को बंद का आह्वान

Spread the love

जमशेदपुर: रांची में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। BJP जमशेदपुर महानगर ने भी शहरवासियों से बंद को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सफल बनाने की अपील की है।

BJP जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकार, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे युवाओं की आवाज को बल प्रयोग के जरिए दबाने का प्रयास किया गया।

पार्टी ने जमशेदपुर के दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से 11 अगस्त के बंद को समर्थन देने की अपील की है। संजीव सिन्हा ने कहा कि बंद के दौरान BJP कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में मौजूद रहेंगे और अनुशासन के साथ इसे सफल बनाने का प्रयास करेंगे।

BJP महानगर ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकान, दूध की दुकान और LPG गैस जैसी जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी। साथ ही कांवर यात्रा और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं डाली जाएगी।

पार्टी ने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने की अपील की है। BJP का कहना है कि सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए दमन के बजाय संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।