जमशेदपुर: झारखंड बंद का मिला-जुला असर, गोलमुरी बाजार में BJP के समर्थन में पूरी तरह बंद रहीं दुकानें

Spread the love

जमशेदपुर: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में BJP के आह्वान पर मंगलवार को झारखंड बंद रहा। जमशेदपुर में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के कुछ इलाकों में बाजार और दुकानें बंद रहीं, जबकि कई क्षेत्रों में सामान्य रूप से कारोबार होता रहा। गोलमुरी बाजार में बंद का विशेष असर देखा गया, जहां BJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ आम लोगों ने भी दुकानें बंद रखकर बंद का समर्थन किया।

छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। BJP ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे छात्रों के साथ अन्याय बताया और सरकार से मामले में जवाब देने की मांग की।

बंद के दौरान BJP कार्यकर्ता गोलमुरी बाजार समेत विभिन्न इलाकों में घूमकर दुकानदारों और व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते नजर आए। गोलमुरी में बड़ी संख्या में दुकानदारों ने दुकानें बंद रखकर बंद का समर्थन किया।

वहीं, शहर के अन्य बाजारों में बंद का असर एक जैसा नहीं रहा। कुछ इलाकों में दुकानें बंद रहीं, जबकि कई जगहों पर बाजार सामान्य रूप से खुले रहे। प्रशासन ने भी बंद को देखते हुए संवेदनशील इलाकों और प्रमुख बाजारों में पुलिस बल की तैनाती की थी। अस्पताल, एंबुलेंस और दवा जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया।