जमशेदपुर: साकची में AC के कॉपर वायर की लगातार चोरी से कारोबारी परेशान, CCTV के आधार पर युवक पकड़ा

Spread the love

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के डालडा लाइन में पिछले करीब दो महीने से दुकानों में लगे AC के कॉपर वायर की चोरी से कारोबारी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि इस संबंध में पुलिस को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। लगातार हो रही चोरी के बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर CCTV कैमरे लगवा लिए थे।

मंगलवार तड़के एक युवक दुकान के AC का कॉपर वायर काटकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि बाजार में इस तरह के AC कॉपर वायर की कीमत करीब 5 से 7 हजार रुपये तक है।

CCTV फुटेज के आधार पर कारोबारियों ने युवक की पहचान की और उसे पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसके साथ मारपीट की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर डालडा लाइन के कारोबारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की चोरी से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।