जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा के पास सोमवार को सड़क हादसे में 45 वर्षीय सुनील कुमार मोदक की मौत के बाद मंगलवार को परिजन सिदगोड़ा थाना पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बाद में एक अन्य चालक वाहन को वहां से लेकर चला गया। परिजनों का कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद हादसे में शामिल वाहन को तत्काल जब्त नहीं किया गया।


सुनील कुमार मोदक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले थे और पिछले करीब एक वर्ष से जमशेदपुर में काम कर रहे थे। वह टाटा की वेंडर कंपनी क्लासिक प्रोडक्ट्स लिमिटेड कॉम्बो मिल में कार्यरत थे। सुनील शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुनील बाइक से ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वह ट्रेलर की चपेट में आ गए और वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर MGM अस्पताल भेज दिया था।
मंगलवार को परिजनों ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया होता तो जांच में मदद मिल सकती थी। परिजनों के अनुसार सुनील ने हेलमेट पहन रखा था। उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

