जमशेदपुर: झारखंड आंदोलनकारियों ने सम्मान पत्र एवं सम्मान राशि से संबंधित प्रमाण पत्रों के वितरण की मांग को लेकर मंगलवार को जमशेदपुर DC कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप धरना दिया। आंदोलनकारियों ने मांग की कि सरकार के निर्देश के अनुरूप लंबित सम्मान पत्र और संबंधित प्रमाण पत्रों का जल्द वितरण किया जाए।


आंदोलनकारियों का कहना है कि सम्मान पत्र वितरण को लेकर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से निर्देश जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कई झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान प्रमाण पत्र और उससे संबंधित दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं। इसे लेकर आंदोलनकारियों में नाराजगी है।
आंदोलनकारियों की ओर से पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को दिए गए पत्र में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उस निर्देश का उल्लेख किया गया है, जिसमें 30 जुलाई 2025 के आदेश के आलोक में सम्मान पत्र वितरण का निर्देश दिया गया था। आंदोलनकारियों का आरोप है कि सरकारी आदेश के बावजूद प्रमाण पत्र वितरण की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने प्रशासन के समक्ष इस मामले में तत्काल पहल करने की मांग की। आंदोलनकारियों ने कहा कि सम्मान पत्र महज एक कागज नहीं, बल्कि झारखंड राज्य के गठन के लिए किए गए संघर्ष की आधिकारिक मान्यता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार की ओर से वितरण का आदेश जारी किया जा चुका है, तो इसके क्रियान्वयन में देरी क्यों हो रही है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से जल्द प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की।

