जमशेदपुर: छात्रों पर लाठीचार्ज और JSSC-JPSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में भाजपा परसुडीह मंडल की ओर से मंगलवार को बंद का आह्वान किया गया। बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही परसुडीह क्षेत्र की सड़कों और बाजारों में सक्रिय रहे। कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और व्यवसायियों से प्रतिष्ठान बंद रखने तथा आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।


भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने राज्य सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए। JSSC और JPSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से मेहनत कर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का विश्वास प्रभावित होता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए। मंडल अध्यक्ष ने बंद को समर्थन देने वाले दुकानदारों, व्यवसायियों और आम लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में विजय विश्वकर्मा, अशोक सिन्हा, गिरजा दुबे, आरती ओझा, दीपक वर्णवाल, दुर्गा सेनापति, दीपक करवा, संजीव कुमार ठाकुर, कपिल शर्मा, दुलाल राय, बच्चू चक्रवर्ती, गोविंदो कर्मकार और पप्पू चक्रवर्ती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

