जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर में बकरी चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां चोर किसी बाइक या छोटे वाहन से नहीं, बल्कि लग्जरी कार से पहुंचे और चार बकरियों को चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।


जानकारी के अनुसार, शंकरपुर निवासी उमानाथ प्रमाणिक ने अपनी बकरियों को चारा खाने के लिए खुला छोड़ा था। चारों बकरियां विद्याशागर पार्षद के पास सुनसान रास्ते पर चर रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 5:10 बजे एक सफेद रंग की कार वहां पहुंची।
बकरी को बुलाकर कार में डाल ले गया युवक
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार गली में आकर रुकी। इसके बाद कार में बैठे एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला और बकरी को अपनी ओर बुलाने लगा। बकरी जैसे ही उसके पास पहुंची, युवक ने उसे उठाकर कार के अंदर डाल दिया। इसके बाद कार वहां से फरार हो गई।
बकरी मालिक के अनुसार, चोरी हुई चार बकरियों में सफेद, काली, लाल और काली-सफेद रंग की बकरियां शामिल हैं। इनमें से तीन बकरियां गर्भवती बताई जा रही हैं। घटना के बाद पीड़ित ने परसुडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
CCTV के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फुटेज में कार का नंबर JH05EF 9924 दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पुलिस आरोपी की पहचान करने और चोरी हुई बकरियों को बरामद करने में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी तक पहुंचती है और चोरी हुई बकरियां बरामद हो पाती हैं या नहीं।

