जमशेदपुर: SSP के निर्देश पर गठित SIT ने चोरी और छिनतई के मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवर और चोरी के वाहन बरामद किए हैं।


मामले की जांच के लिए ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन और पटमदा DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी MGM अस्पताल के पास किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटर और चेन चोरी व छिनतई की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी।
आरोपियों की निशानदेही और बरामद सामान के मिलान के आधार पर MGM और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुल छह मामलों का खुलासा किया गया है।
33 मोबाइल और जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें iPhone, Vivo, Oppo, Realme और Samsung समेत कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
इसके अलावा एक सोने का लॉकेट, चांदी की माला में लगा सिटी गोल्ड मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक ईयर टॉप भी बरामद किया गया है।
चोरी के वाहन भी मिले
पुलिस ने दो चोरी के स्कूटर और छिनतई की घटना में इस्तेमाल की गई Splendour Plus बाइक भी बरामद की है। बरामद सामान में MGM थाना क्षेत्र की महिला से छीना गया सोने का लॉकेट, MGM अस्पताल से चोरी किए गए मोबाइल और अस्पताल परिसर की पार्किंग से चोरी किया गया वाहन शामिल है।
इसके अलावा सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड से चोरी की गई Yamaha Fascino स्कूटी भी बरामद की गई है।
पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सनी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। सभी आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी, मारपीट और NDPS Act समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

