जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस अस्पताल में अब पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को दांतों से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. सोनी कुमारी को पुलिस अस्पताल में नियमित रूप से स्वैच्छिक और मुफ्त डेंटल सेवा देने की अनुमति दी गई है।


BDS डिग्री और डेंटल काउंसिल का प्रमाणपत्र किया जमा
डॉ. सोनी कुमारी ने पुलिस अस्पताल में बिना किसी शुल्क के नियमित डेंटल सेवा देने के लिए आवेदन किया था। आवेदन के साथ उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से प्राप्त BDS डिग्री और झारखंड स्टेट डेंटल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी जमा किया था।
आवेदन और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें पुलिस अस्पताल में डेंटल सेवा देने की अनुमति प्रदान की।
सेवा के बदले नहीं मिलेगा कोई मानदेय
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि डॉ. सोनी कुमारी की सेवा पूरी तरह स्वैच्छिक और नि:शुल्क होगी। इसके बदले उन्हें किसी तरह का मानदेय, TA या DA नहीं दिया जाएगा।
उन्हें बिना किसी देरी के पुलिस अस्पताल में अपनी सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में उपायुक्त, सिविल सर्जन और शहरी एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है।
पुलिस अस्पताल में यह पहल पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए बेहतर दंत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

