रांची: MMDR Amendment Bill को लेकर झारखंड कांग्रेस ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन का पूरा कार्यक्रम जारी किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों को नुकसान पहुंचाने वाले केंद्र के किसी भी फैसले को स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जाएगा।


27 अगस्त से शुरू होगा आंदोलन
कांग्रेस 27 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना देगी। धरना समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके बाद 7 सितंबर को लोक भवन के समक्ष राज्यस्तरीय धरना आयोजित किया जाएगा। वहीं 9 से 16 सितंबर के बीच सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।
खनिज राजस्व प्रभावित होने का दावा
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि MMDR Amendment Bill से राज्यों को मिलने वाले खनिज राजस्व पर असर पड़ सकता है। केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड को खनिजों से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जाता है।
कांग्रेस का दावा है कि सेस से जुड़े अधिकारों में बदलाव होने से राज्य के राजस्व पर सीधा असर पड़ेगा।
हर साल ₹14,656 करोड़ के नुकसान का दावा
केशव महतो कमलेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में झारखंड को खनिजों से ₹1,380 करोड़ की आय हुई थी। वहीं 2025-26 में यह राशि बढ़कर ₹7,487.91 करोड़ हो गई। कांग्रेस का अनुमान है कि प्रस्तावित बदलाव लागू होने पर झारखंड को हर साल करीब ₹14,656 करोड़ का नुकसान हो सकता है।
सुखदेव भगत ने केंद्र पर लगाया आरोप
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि खनन के कारण झारखंड के लोगों को प्रदूषण और विस्थापन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में खनिजों से जुड़े फैसलों में राज्य की भूमिका बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।
प्रखंड स्तर तक पहुंचेगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता प्रखंड स्तर तक जाकर लोगों को MMDR Amendment Bill के संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे। कांग्रेस ने कहा कि झारखंड के हितों और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

