गिरिडीह: केंद्र सरकार के MMDR Amendment Bill के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने शुक्रवार को गिरिडीह में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड रोड स्थित पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकाला और टावर चौक पहुंचकर सड़क पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए MMDR संशोधन बिल वापस लेने की मांग की गई।


टावर चौक पर सड़क पर बैठकर दिया धरना
JMM कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से बस स्टैंड रोड होते हुए टावर चौक पहुंचे। यहां जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना शुरू किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक टावर चौक पर विरोध का माहौल बना रहा।
JMM नेताओं ने केंद्र सरकार से MMDR संशोधन बिल को वापस लेने की मांग की। पार्टी का कहना है कि झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रावधान का विरोध जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष ने कानून को बताया ‘काला कानून’
JMM जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने MMDR संशोधन बिल का विरोध करते हुए इसे ‘काला कानून’ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी इस कानून के खिलाफ लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी।
मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की सूचना पर जताया विरोध
संजय सिंह ने कहा कि उन्हें ऐसी सूचना मिली है कि BJP के इशारे पर छात्र आंदोलन के नाम पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार और मंत्रियों के खिलाफ कथित तौर पर एक नैरेटिव तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि JMM अपने नेताओं के सम्मान से समझौता नहीं करेगा और किसी भी तरह से अपमान करने की कोशिश का पार्टी संवैधानिक तरीके से विरोध करेगी।
प्रदर्शन में जिला महासचिव महलाल सोरेन, शहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, रॉकी सिंह, अजित कुमार पप्पू, दिलीप रजक, मुकेश केसरी, भरत यादव, दारा हाजरा, बबली मरांडी, प्रमिला कुमारी और प्रीति भास्कर समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

