जमशेदपुर: पानी, सड़क और बिजली की समस्याओं को लेकर हिल व्यू कॉलोनी के लोगों का धरना

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना क्षेत्र की हिल व्यू कॉलोनी की बुनियादी समस्याओं को लेकर रविवार को हिल व्यू कॉलोनी डेवलपमेंट कमेटी ने धरना दिया। मानगो अंचल कार्यालय के सामने आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने किया।

धरने के दौरान लोगों ने पेयजल, सड़क और बिजली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में लंबे समय से नियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। वहीं, खराब सड़कों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। बिजली व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।