जमशेदपुर ब्रेकिंग: अन्ना चौक पर तेज रफ्तार कार ने बस स्टैंड में बैठे दो युवकों को मारी टक्कर, हालत गंभीर

Spread the love

जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक पर रविवार को एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बस स्टैंड के पास स्कूटर के साथ बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार गोविंदपुर की ओर से आ रही थी। इसी दौरान बस स्टैंड के पास बैठे युवकों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में सन्नी और गुल्लू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमएच रेफर किया गया। सन्नी के बाएं पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि गुल्लू के पैर में भी गंभीर चोट बताई जा रही है।

अन्ना चौक पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। इससे पहले 8 अगस्त को तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से सात वर्षीय आराश कुमारी की मौत हो गई थी। लोगों ने प्रशासन से वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।