चतरा: जमीन विवाद से परेशान युवक 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा, समस्या नहीं सुलझने पर कूदने की दी चेतावनी

Spread the love

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में जमीन विवाद से परेशान एक युवक सोमवार को करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने कहा कि यदि उसकी जमीन से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह टावर से नीचे कूद जाएगा। मामला मयूरहंड थाना क्षेत्र के करमा गांव का है। पचघरा निवासी मनोरंजन सिंह के टावर पर चढ़ने के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मनोरंजन सिंह का आरोप है कि वह लंबे समय से जमीन विवाद की समस्या से परेशान है। उसने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने के कारण वह तनाव में है।

युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने उसे समझाकर नीचे उतरने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने मयूरहंड थाना पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने पहले भीड़ को नियंत्रित किया और फिर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।

ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद से जुड़े मामलों का समय पर समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। प्रशासन की टीम युवक की समस्या की जानकारी लेने के साथ उसे सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी रही।