हजारीबाग: हजारीबाग के ओकनी की रहने वाली कुमारी तन्वी ने मॉडलिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त कर्मचारी चंद्रशेखर आजाद की बेटी तन्वी ने “Mrs Top India Model–National Brand Ambassador 2026” का खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ हजारीबाग के लोगों में भी खुशी का माहौल है।


तन्वी ने गोवा में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय मॉडलिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। गोवा में बेहतर प्रदर्शन के बाद तन्वी का चयन प्रतियोगिता के अगले चरण के लिए हुआ।
इसके बाद प्रतियोगिता का फाइनल चरण जयपुर में आयोजित किया गया। यहां तन्वी ने पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, टैलेंट प्रदर्शन और सवाल-जवाब समेत कई राउंड में हिस्सा लिया। अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और शानदार प्रस्तुति से उन्होंने निर्णायकों को प्रभावित किया।
ग्रैंड फिनाले में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद तन्वी को “Mrs Top India Model–National Brand Ambassador 2026” के खिताब से सम्मानित किया गया। उनकी सफलता पर परिवार और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी। तन्वी की उपलब्धि छोटे शहरों की युवतियों और प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा मानी जा रही है।

