पाकुड़ में बस-ट्रक की जोरदार टक्कर, चालक समेत कई यात्री घायल; सड़क की बदहाली पर गुस्सा

Spread the love

पाकुड़: पाकुड़- दुमका मुख्य सड़क पर मंगलवार को शाहारकोल और सोनाजोड़ी के बीच बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत कई यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, बस पाकुड़ से दुमका जा रही थी। इसी दौरान शाहारकोल और सोनाजोड़ी के बीच सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई और पैर टूट गया।

घटना के बाद घायलों को तत्काल पाकुड़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल यात्रियों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। राहत की बात है कि किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क पर कई जगह बड़े गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति समझने में परेशानी होती है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को देखकर हादसे की जांच शुरू कर दी। टक्कर के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।