पलामू में वित्त मंत्री के निरीक्षण में बंद मिला नवाबाजार प्रखंड कार्यालय, अधिकारी-कर्मचारी नदारद

Spread the love

पलामू: राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मंगलवार को नवाबाजार प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। दोपहर करीब 12:30 बजे जब मंत्री कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। कार्यालय के अंदर कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था। स्थिति देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और तत्काल पलामू उपायुक्त को फोन कर पूरी जानकारी दी।

मंत्री के निर्देश के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यालय का ताला खुलवाया गया। इसके बाद राधाकृष्ण किशोर ने कार्यालय की व्यवस्थाओं और कामकाज का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी भी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। मंत्री ने अंचल निरीक्षक (CI) से अंचल से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

CI ने बताया कि इन दिनों मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का काम चल रहा है। इसमें प्रखंड और अंचल कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसके कारण कार्यालय में नियमित उपस्थिति प्रभावित हुई है।

इस जवाब पर मंत्री ने असंतोष जताते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों की दूसरी जिम्मेदारियों के साथ आम लोगों से जुड़े कार्यालयीन कार्य भी सुचारू रहने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि सरकारी कार्यालयों में आने वाले ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो।