हजारीबाग: इचाक थाना क्षेत्र में बुधवार को सिवाने नदी में लापता हुए 18 वर्षीय पिंटू मेहता का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। करीब 22 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद NDRF की टीम ने नदी से शव को बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वहां मातम का माहौल हो गया।


जानकारी के अनुसार, पिंटू मेहता बुधवार को कोर्रा की ओर घाट से सिवाने नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान नदी की तेज धार में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे। इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू कराई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने देर रात तक नदी में युवक की तलाश की, लेकिन तेज बहाव और कई स्थानों पर अधिक गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में परेशानी आई। अंधेरा होने के बाद भी तलाश जारी रही, लेकिन पिंटू का पता नहीं चल सका।
गुरुवार को NDRF की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश की और करीब 22 घंटे बाद पिंटू का शव बरामद किया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ है। ऐसे में लोगों से नदी और जलाशयों में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

