झारखंड: राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात में मोटरसाइकिल रैली में शामिल होगी झारखंड पुलिस, 10 जवान जाएंगे

Spread the love

रांची: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम और परेड में झारखंड पुलिस भी हिस्सा लेगी। झारखंड पुलिस के जवान मोटरसाइकिल रैली के जरिए राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने झारखंड सशस्त्र पुलिस के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

झारखंड पुलिस की टीम का गठन JAP-1 डोरंडा, रांची से किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने जवानों के चयन और अन्य तैयारियों की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के लिए झारखंड से पांच मोटरसाइकिलें भेजी जाएंगी। प्रत्येक बाइक पर दो जवान सवार होंगे, यानी कुल 10 पुलिसकर्मी गुजरात जाएंगे।

टीम के समन्वय और तैयारियों के लिए JAP-1 के एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) को नोडल अधिकारी बनाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक, मानवाधिकार को पहले ही राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी बनाया जा चुका है। उन्हें कार्यक्रम से संबंधित समन्वय और बेहतर प्रबंधन की जिम्मेदारी भी दी गई है।

हर वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। गुजरात के एकता नगर में इस मौके पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम और परेड आयोजित की जाती है। इस वर्ष झारखंड पुलिस की टीम भी इसमें शामिल होगी। मुख्यालय के निर्देश के बाद JAP-1 डोरंडा में जवानों के चयन और गुजरात रवाना होने की तैयारियां आगे बढ़ाई जाएंगी।