बोकारो: वर्ष 2020 से लापता 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के मामले की जांच अब CBI ने शुरू कर दी है। झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI की रांची शाखा ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। इससे पहले स्थानीय पुलिस और CID ने मामले की जांच की थी, लेकिन अब तक लड़की का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।


मामला अक्टूबर 2020 का है। लड़की के लापता होने के बाद उसके परिजनों की ओर से 16 अक्टूबर 2020 को संबंधित थाने में FIR दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने लंबे समय तक जांच की, लेकिन कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने नहीं आई। जांच के दौरान तीन लोगों का नार्को टेस्ट भी कराया गया था, हालांकि इससे भी लड़की के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
जांच में प्रगति नहीं होने पर लड़की की मां ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि पुलिस स्तर पर अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के बाद मामले को CID को सौंपा गया था।
CID की प्रगति रिपोर्ट में लड़की के लापता होने के मामले में मानव तस्करी की आशंका जताई गई थी। मामले को अंतरराज्यीय प्रकृति का बताते हुए तकनीकी चुनौतियों का भी उल्लेख किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने CBI और राज्य सरकार की राय मांगी। CBI ने जांच अपने हाथ में लेने पर सहमति जताई, जबकि राज्य सरकार ने भी कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद हाईकोर्ट ने जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया। अब CBI अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज FIR के आधार पर पुराने सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों की दोबारा जांच करेगी।

