रांची: RIMS में फेस अटेंडेंस को लेकर जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी, वेतन-स्टाइपेंड से जोड़ने पर JDA ने जताई आपत्ति

Spread the love

रांची: RIMS में डॉक्टरों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए फेस अटेंडेंस सिस्टम शुरू करने की तैयारी के बीच जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी सामने आई है। Junior Doctors Association (JDA) ने RIMS के डीन को पत्र भेजकर प्रस्तावित व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। खास तौर पर अटेंडेंस के आधार पर वेतन और स्टाइपेंड देने के प्रस्ताव का विरोध किया गया है।

JDA का कहना है कि डॉक्टरों की समय पर ड्यूटी सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी निगरानी व्यवस्था जरूरी है, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल फेस अटेंडेंस लागू करना उचित नहीं होगा।

एसोसिएशन ने रेजिडेंट डॉक्टरों के ड्यूटी आवर्स को लेकर भी सवाल उठाए हैं। JDA के अनुसार, कई बार डॉक्टर रातभर इमरजेंसी ड्यूटी करने के बाद अगले दिन राउंड, मरीजों की देखभाल और मेडिकल प्रक्रियाओं में भी शामिल होते हैं। ऐसे में केवल अस्पताल आने-जाने के समय के आधार पर उनकी ड्यूटी का आकलन करना उचित नहीं है।

JDA ने यह भी पूछा है कि फेस अटेंडेंस व्यवस्था केवल जूनियर रेजिडेंट, सीनियर रेजिडेंट और असिस्टेंट प्रोफेसर तक सीमित क्यों रखी जा रही है। एसोसिएशन ने वेतन-स्टाइपेंड को अटेंडेंस से जोड़ने के प्रशासनिक और नियमों से जुड़े आधार को भी स्पष्ट करने की मांग की है।

JDA ने RIMS में पर्याप्त डॉक्टर और फैकल्टी की नियुक्ति, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, व्यवस्थित ड्यूटी रोस्टर और डॉक्टरों के लिए आराम की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही नई अटेंडेंस नीति लागू करने से पहले JDA प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने की मांग की गई है।