जमशेदपुर: ABVP ने शिक्षक दिवस पर आयोजित किया सम्मान समारोह, शिक्षाविदों को किया सम्मानित

Spread the love

जमशेदपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जमशेदपुर महानगर की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कई शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। समारोह में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ NIT जमशेदपुर के रजिस्ट्रार डॉ. सरोज सारंगी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में डॉ. के.के. कमलेंदु, डॉ. मूसा पॉल, डॉ. आलोक चौबे और अभिषेक कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कोल्हान विश्वविद्यालय की शिक्षिका डॉ. संगीता कुमारी द्वारा लिखी गई दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इनमें ‘पॉजिटिव साइकोलॉजी’ और ‘एनवायरनमेंटल साइकोलॉजी’ शामिल हैं।

विधायक सरयू राय ने दोनों पुस्तकों के लिए डॉ. संगीता कुमारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक युवाओं को सही दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पुस्तकें मनोविज्ञान और पर्यावरण के क्षेत्र में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी साबित होंगी।

NIT जमशेदपुर के रजिस्ट्रार डॉ. सरोज सारंगी ने ABVP के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान भारतीय संस्कृति की पुरानी परंपरा का हिस्सा है।

कार्यक्रम में ABVP कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के प्रबुद्ध नागरिक, प्रोफेसर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।