जमशेदपुर: साकची मैंगो प्लांट के पास ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हंगामा, बाइक की टक्कर से जवान घायल

Spread the love

जमशेदपुर: साकची स्थित मैंगो प्लांट के पास रविवार को ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। शॉपर्स स्क्वायर के पास तेज रफ्तार बाइक को रोकने के दौरान बाइक सवार की टक्कर ट्रैफिक जवान से हो गई। हादसे में जवान के हाथ में चोट लगी और जांच में फ्रैक्चर की बात सामने आई। वहीं, बाइक सवार युवक भी दुर्घटना में घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को मैंगो प्लांट के पास ट्रैफिक पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक तेज रफ्तार से बाइक लेकर वहां पहुंचा। ट्रैफिक जवान ने उसे रोकने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने जवान को रास्ते से हटने के लिए कहा, लेकिन जवान अपनी जगह पर खड़ा रहा। इसी दौरान बाइक की जवान से टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद जवान सड़क पर गिर गया और उसके हाथ में गंभीर चोट लगी। वहीं, बाइक भी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे युवक को भी चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों की मदद की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद युवक और जवान के बीच कहासुनी भी हुई। आरोप है कि युवक ने जवान के साथ गाली-गलौज की। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और युवक वहां से चला गया।

घटना के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों में नाराजगी बताई जा रही है। जवानों ने बाइक सवार की पहचान कर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।