आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-7 स्थित CTC Precision Tools Private Limited में 8 सितंबर को राज्यपाल के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज परागियारी कंपनी परिसर पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, ट्रैफिक और विधि-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने राज्यपाल के संभावित आगमन और वापसी के मार्ग की जानकारी ली। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल, वाहनों की पार्किंग, अतिथियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी देखी गई। पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारी के अनुसार व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, एसपी मनोज परागियारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि आम लोगों और औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान DDC रीना हांसदा, SDM अभिनव प्रकाश, SDPO अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी सिंह, DPRO अविनाश कुमार समेत जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

