झारखंड: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बेटे श्रेयश ने दी मुखाग्नि

Spread the love

गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हर्सिंगरायडीह श्मशान घाट पर उनके बेटे श्रेयश ने मुखाग्नि दी। इसके साथ ही सुदिव्य कुमार सोनू पंचतत्व में विलीन हो गए।

सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा उनके आवास से हर्सिंगरायडीह श्मशान घाट के लिए निकली। अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। रास्ते में बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम दर्शन किए। समर्थकों और कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल रहा और कई लोग भावुक नजर आए।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

हर्सिंगरायडीह श्मशान घाट पहुंचने के बाद पुलिस जवानों ने दिवंगत मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। बेटे श्रेयश ने पिता को मुखाग्नि दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से राज्य ने एक मेहनती जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व खो दिया है। सार्वजनिक जीवन में उनके कार्य और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे।

कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। भारी भीड़ से सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति लोगों के जुड़ाव और लोकप्रियता की झलक दिखाई दी। उनके निधन के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।