झारखंड वोटर रिवीजन: SIR के दौरान 3.19 लाख से ज्यादा Form-6 आवेदन, 15 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

Spread the love

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और विवरण में बदलाव के लिए आवेदन किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार के अनुसार, अब तक Form-6 के 3,19,457 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, Form-8 के 2,06,499 आवेदन मिले हैं।

Form-6 का इस्तेमाल नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए किया जाता है। Form-8 के जरिए नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के साथ एक बूथ, विधानसभा क्षेत्र या राज्य से दूसरे स्थान पर मतदाता का स्थानांतरण किया जा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल करने पर आपत्ति दर्ज कराने या नाम हटाने के लिए Form-7 का इस्तेमाल होता है।

SIR के दौरान अब तक 2,214 Form-7 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों से 66 Form-6A आवेदन मिले हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों से समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने तथा जरूरत के अनुसार संबंधित फॉर्म जमा करने की अपील की है। दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

रांची में BLO को घर-घर अभियान तेज करने का निर्देश

रांची में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने SIR की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा करने और BLO को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करने का निर्देश दिया।

बैठक में ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर लगाने, मतदाताओं से आवश्यक जानकारी लेने और उसका सत्यापन करने के साथ Form-6, Form-8 तथा BLA-2 को दिए जाने वाले Form-9, 10, 11, 11A और 11B की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है। पात्र नागरिकों के नाम सही तरीके से दर्ज किए जाएं और गलत या अपात्र प्रविष्टियों का नियमों के अनुसार निपटारा किया जाए।