गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाया। करीब चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार दिखाकर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाया और घर से करीब ₹1.20 लाख नकद तथा लगभग ₹2 लाख के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, घटना घाघरा निवासी त्रिभुवन भुइयां के घर में हुई। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, देर रात करीब चार अज्ञात अपराधी घर में घुसे। सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। अपराधियों ने सो रहे परिवार के लोगों को जगाया और हथियार के बल पर उनके हाथ कपड़े से बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
अपराधियों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने खुद को मुक्त किया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर बगोदर-सरिया SDPO धनंजय कुमार राम, इंस्पेक्टर सूर्य और थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और अपराधियों के आने-जाने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई।
फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच और छापेमारी कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह भी घाघरा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

