जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र की न्यू ग्वाला बस्ती में मारपीट, चाकू से हमला और नकदी-जेवर ले जाने का मामला सामने आया है। न्यू ग्वाला बस्ती निवासी सब्जी विक्रेता दिनेश साह ने सोनारी थाना में शिकायत देकर एक महिला, उसके बेटे कुंदन साह और बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, दिनेश साह 11 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे अपने गांव सीवान से सोनारी स्थित घर पहुंचे थे और नहाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी महिला, कुंदन साह और उसकी बेटी कथित रूप से उनके घर में घुसे। आरोप है कि महिला ने कुंदन से चाकू लाने को कहा, जिसके बाद उसकी बेटी अपने घर से चाकू लेकर आई और कुंदन को दे दिया।
दिनेश का आरोप है कि कुंदन ने उनके गले, हाथ और कान पर चाकू से हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद डंडे से कमर और पीठ पर भी वार करने तथा स्कूटर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में महिला पर उनकी पत्नी के हाथ में दांत से चोट पहुंचाने और कान से दो छोटे सोने-चांदी के आभूषण निकालने का भी आरोप है।
दिनेश ने बताया कि बेटी की शादी की तैयारी के लिए वह ससुराल से 50 हजार रुपये लेकर आए थे। आरोप है कि कुंदन की बेटी ने कमरे में रखे बैग से यह रकम निकाल ली। शिकायतकर्ता ने पूर्व में भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस से नकदी-जेवर की बरामदगी और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

