हजारीबाग के धड़वा डैम में एक युवती को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। बताया जा रहा है कि मां की डांट से नाराज होकर युवती काफी परेशान थी और डैम पहुंच गई थी। उसके डैम में जाने की सूचना मिलते ही सदर थाना की सब-इंस्पेक्टर शाहीन परवीन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।


पुलिस के अनुसार, टीम के पहुंचने के समय युवती पानी की ओर बढ़ रही थी। SI शाहीन परवीन ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत रोका और सुरक्षित बाहर लेकर आईं। इसके बाद पुलिस युवती को सदर थाना लेकर पहुंची।
थाने में शाहीन परवीन ने युवती से काफी देर तक बातचीत की और उसे समझाया कि घर में डांट या छोटी-बड़ी परेशानियों का समाधान बातचीत से किया जा सकता है। उन्होंने युवती को मुश्किल परिस्थितियों में परिवार या भरोसेमंद लोगों से बात करने की सलाह दी। बातचीत के बाद युवती शांत हुई और भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने की बात कही।
इसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को थाना बुलाया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया गया।
पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय पर पुलिस के पहुंचने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

