जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह से मिले इनपुट के आधार पर साइबर थाना की टीम ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए।


पुलिस के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक नितीश कुमार, कृष्ण कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित जोरिया के पास पलाश के झुरमुट में छापेमारी की। यहां से तीन आरोपियों को पकड़ा गया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में तालाब के पास आम बागान में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तसलीम अंसारी (20), मनाजिर अंसारी (21), अब्दुल लतीफ (27), उस्मान गनी (25) और जितेंद्र मंडल (43) के रूप में हुई है।
पुलिस का आरोप है कि ये लोग PhonePe पर ₹999 कैशबैक दिलाने के नाम पर लोगों को फर्जी ऐप के जरिए ठगी के जाल में फंसाते थे। इसके अलावा SBI समेत विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर APK फाइल डाउनलोड कराई जाती थी और कथित तौर पर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी।
मामले में साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज कर BNS 2023, IT Act और Telecommunication Act की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है।
SP शंभू कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी से 11 सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के खिलाफ अभियान में कुल 122 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इस दौरान 304 मोबाइल, 370 सिम कार्ड, 22 ATM कार्ड, 7 पासबुक, 3 लैपटॉप, 8 आधार कार्ड, 3 PAN कार्ड, ₹14.70 लाख नकद और 11 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

