रामगढ़ में JSSC और JPSC से जुड़े कथित घोटाले की CBI जांच और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर BJP ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद पार्टी की ओर से मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया।


BJP कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ के DC-SP कार्यालय के पास सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। नेताओं ने JSSC और JPSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि JSSC और JPSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग भी रखी।
BJP नेताओं ने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी। मधु कोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो BJP सड़क से सदन तक आंदोलन को तेज करेगी। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।

