रांची: सीनियर DSP अमर कुमार पांडेय के खिलाफ शिकायत, जनजातीय समन्वय समिति ने निष्पक्ष जांच की मांग की

Spread the love

रांची पुलिस मुख्यालय-1 में पदस्थापित सीनियर DSP अमर कुमार पांडेय के खिलाफ शिकायत सामने आई है। जनजातीय समन्वय समिति ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर अधिकारी पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। समिति ने तबादले, जमीन से जुड़े मामलों और संपत्ति से संबंधित आरोपों की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराने की अपील की है।

समिति के संयोजक लक्ष्मी नारायण मुंडा ने शिकायत में DSP के तबादले का मुद्दा भी उठाया है। पत्र के अनुसार, अमर कुमार पांडेय फरवरी 2025 में सीनियर DSP बने थे। मई 2026 के प्रशासनिक फेरबदल में उनका तबादला झारखंड जगुआर किया गया था। समिति का आरोप है कि प्रभाव के कारण तबादला रोका गया और वह अब भी रांची पुलिस मुख्यालय-1 में पदस्थापित हैं।

शिकायत में अगस्त 2025 की एक कार्रवाई का भी उल्लेख है, जिसमें रांची के जमीन मामलों की जांच के लिए गठित SIT से अधिकारी को हटाने की बात कही गई थी। चुटिया में जमीन विवाद से जुड़े कथित दुर्व्यवहार का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया है कि उसके पास इस मामले से संबंधित कोई आधिकारिक चार्जशीट या जांच रिपोर्ट नहीं है। कांके क्षेत्र के जमीन विवादों और सोशल मीडिया पर सामने आई रिपोर्टों के आधार पर जमीन कारोबारियों से कथित संबंधों का भी जिक्र किया गया है।

समिति ने अधिकारी के रांची पुलिस मुख्यालय-1 में पूरे कार्यकाल और संपत्ति की जांच की मांग की है। इसके लिए CID, Vigilance या किसी स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध जांच कराने की अपील की गई है। समिति ने कहा है कि आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।