जमशेदपुर: कदमा BH एरिया में 108वां श्रीश्री गणेश पूजा महोत्सव 14 से 30 सितंबर तक, भव्य आयोजन की तैयारी

Spread the love

जमशेदपुर। कदमा के बीएच एरिया में इस वर्ष श्रीश्री गणेश पूजा महोत्सव का 108वां वर्ष धूमधाम से मनाया जाएगा। श्रीश्री गणेश पूजा महोत्सव समिति की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम 14 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। समिति के अनुसार, 14 सितंबर को सुबह 9:30 बजे कलश स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा और अखंड ज्योति का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 6 बजे मेले का उद्घाटन किया जाएगा।

14 सितंबर की शाम 7 बजे संगीत कार्यक्रम और रात 8 बजे पंडाल उद्घाटन होगा। आयोजन में अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय सहित शहर के कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

15 से 29 सितंबर तक प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। सुबह सुप्रभात एवं वेद पारायण, अभिषेकम पूजा, सहस्रनाम पूजा, होम पूजा और आरती-प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रहेगा। आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरम से आए पुरोहित श्री शशिभूषण शास्त्री धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। सुबह-शाम बोब्बिली के श्री दुर्गा नादस्वरम ग्रुप की ओर से नादस्वरम वादन होगा।

महोत्सव में भजन और विशेष पूजा भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। जलाराम भजन मंडली, श्री साईं सेवा ऑर्गनाइजेशन और श्री शैलाद्रि कोलाटम ग्रुप की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने 108वें वर्ष के आयोजन को यादगार बनाने के लिए धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक आयोजन और मेले की भी व्यापक तैयारी की है।