जमशेदपुर। सामाजिक कार्यों में सक्रिय संस्था ‘प्रयत्न’ की ओर से साप्ताहिक भोजन वितरण अभियान के तहत बागबेड़ा बस्ती में बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के साथ समय बिताना, उनकी खुशियों को साझा करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना रहा।


कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और खेलों का आयोजन किया। बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद संस्था की ओर से बच्चों के बीच भोजन और चॉकलेट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्रयत्न संस्था के अध्यक्ष समर झा ने कहा कि हर बच्चे का बचपन खुशियों और अवसरों से भरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बागबेड़ा बस्ती के बच्चों की मुस्कान ही संस्था के प्रयासों की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि संस्था समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखेगी।
कार्यक्रम में बस्ती के अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया और संस्था की पहल की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल, दुर्गेश, आकाश, रवि, अंकित, भास्कर, शिबू, मधुरेश, राम, हर्ष समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

