जमशेदपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिरसानगर में बनाए गए पीएम आवास परिसर की बदहाल स्थिति को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नगर विकास विभाग और जुडको पर सवाल उठाए हैं। रविवार को परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने कहा कि यहां रहने वाले परिवारों को सड़क, जल निकासी, रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।


सरयू राय के अनुसार, ब्लॉक संख्या 32 में करीब 70 और ब्लॉक संख्या 8 में करीब 35 लाभुक रह रहे हैं। परिसर तक पहुंचने वाली सड़क जर्जर है और जगह-जगह गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी भूतल, सीढ़ियों और लिफ्ट के आसपास जमा है। उन्होंने मच्छरों और डेंगू के खतरे को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने फ्लैटों की दीवारों में दिखाई दे रही दरारों का हवाला देते हुए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए। ब्लॉक संख्या 8 में पेयजल टंकी के पास सीवेज टैंक बनाए जाने पर उन्होंने गंभीर आपत्ति जताई और जांच की मांग की।
सरयू राय ने निर्माणाधीन ब्लॉकों में असामाजिक तत्वों और शराब सेवन की शिकायतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं। निवासियों ने बिरसानगर थाना की स्थायी टीओपी की मांग की है।
विधायक ने कहा कि वे नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव और जुडको को पत्र लिखकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बिरसानगर पीएम आवास की स्थिति से अवगत कराने की बात कही।

