जमशेदपुर: एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के पास हाइवा की चपेट में आई स्कूटी, पिता-पुत्र की मौत

Spread the love

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मानगो के चंद्रावती नगर निवासी दीप राम और उनके पुत्र यश के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, दीप राम अपने पुत्र यश के साथ स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के समीप उनकी स्कूटी एक अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आ गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि दीप राम की पूजा मार्बल नामक दुकान है और वह मार्बल से मंदिर निर्माण का काम भी करते थे। हादसे के बाद पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत की खबर से परिजनों में मातम छा गया। त्योहार के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।