जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु बी ब्लॉक में मंगलवार को करंट की चपेट में आने से 36 वर्षीय बढ़ई सुरेश पटेल की मौत हो गई। पुलिस और परिजनों के अनुसार, सुरेश अपने घर में अलमारी में बल्ब लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़े।


घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरेश पटेल के दो छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

