जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के हरहरगुट्टू अंबेडकर नगर में मंगलवार रात करीब 10 बजे लालू के घर के पास लगे बिजली बॉक्स में अचानक तेज आवाज के साथ आग लग गई। कुछ ही देर में बॉक्स से तेज लपटें उठने लगीं और जलते हुए तार व अन्य सामग्री जमीन पर गिरने लगी। इससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। घटना के दौरान आसपास बच्चे और स्थानीय लोग भी मौजूद थे। जलते तार नीचे गिरने पर लोगों ने समय रहते दूरी बना ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के बाद इलाके के करीब 250 घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। विभागीय जीएम, एसडीओ समेत अन्य अधिकारियों से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली बॉक्स में तारों के कनेक्शन सही तरीके से नहीं होने के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लोगों ने बिजली विभाग से बिजली बॉक्स, तारों और कनेक्शनों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पोटका विधायक संजीव सरदार ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।

