JSSC CGL जांच: सचिवालय के लिपिक सुधाकर कुमार गिरफ्तार, परीक्षा में कथित सेटिंग को लेकर CID की पूछताछ

Spread the love

रांची: JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID की विशेष टीम ने एक और गिरफ्तारी की है। टीम ने झारखंड सचिवालय में लिपिक के पद पर कार्यरत सुधाकर कुमार उर्फ सुधाकर यादव को देवघर से गिरफ्तार किया है। उसे रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर स्थित एक घर से हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उसे रांची लाकर लंबे समय तक पूछताछ की गई और पूछताछ के बाद CID ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।

जानकारी के अनुसार, सुधाकर मूल रूप से बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्ष 2018 से रांची स्थित सचिवालय में लिपिक के रूप में कार्यरत है। छापेमारी के दौरान उसने अधिकारियों को बताया था कि उसका तबादला दुमका हो गया है, इसलिए वह देवघर में रह रहा था। हालांकि, CID की जांच में उसके इस दावे की पुष्टि नहीं हुई।

CID के अनुसार, गिरफ्तार अभ्यर्थियों और अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान सुधाकर का नाम सामने आया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने वाले नेटवर्क से जुड़ा था और उन्हें कथित तौर पर गुप्त स्थानों पर ले जाता था। जांच में परीक्षा से पहले प्रश्न और उत्तर याद कराने की बात भी सामने आने का दावा किया गया है।

CID के मुताबिक, सुधाकर के ठिकाने से कई अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर वाले खाली चेक, मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र और परीक्षा में कथित सेटिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि परीक्षा में मदद के बदले अभ्यर्थियों से चेक और मूल दस्तावेज गारंटी के तौर पर लिए गए होंगे।

अब CID बरामद शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन करने के साथ सुधाकर के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अन्य संदिग्धों के साथ डिजिटल संपर्कों की जांच कर रही है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। मामले में जांच जारी है।