आदित्यपुर: चावला मोड़ के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने स्कूटी को मारी टक्कर, चालक बाल-बाल बचा

Spread the love

आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र स्थित चावला मोड़ के पास गुरुवार सुबह विश्वकर्मा पूजा के दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, स्कूटी चालक बाल-बाल बच गया और उसे गंभीर चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। विश्वकर्मा पूजा के कारण औद्योगिक क्षेत्र में सामान्य दिनों की तुलना में लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक थी। इसी दौरान चावला मोड़ के पास स्कॉर्पियो कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्कॉर्पियो सामने से आ रही स्कूटी से जा टकराई। टक्कर के बाद स्कूटी सड़क पर गिर गई।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और स्कूटी चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो में तकनीकी खराबी और ब्रेक फेल होने के दावे की भी जांच की जा रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।