धनबाद: कामिनी कल्याण बस्ती में भू-धंसान, करीब एक दर्जन घरों में पड़ी दरार; जलापूर्ति ठप

Spread the love

धनबाद: बस्ताकोला क्षेत्र अंतर्गत बंद झरिया आरएसपी कॉलेज के समीप स्थित कामिनी कल्याण बस्ती में शनिवार दोपहर जोरदार आवाज के साथ अचानक जमीन धंस गई। भू-धंसान के बाद करीब एक दर्जन घरों में दरारें पड़ गईं, जिससे बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। कई घरों की भूमिगत पाइपलाइन भी टूट गई, जिसके कारण बस्ती में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। घटना की सूचना मिलते ही माइंस रेस्क्यू की पूरी तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना से नाराज स्थानीय लोग झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए आवागमन बाधित कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और बीसीसीएल अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।

इसके बाद बस्ताकोला जीएम एसके गायकवाड़ और राजापुर परियोजना पदाधिकारी एम कुंडू ने प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद महतो भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समझाने तथा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने विरोध समाप्त किया।

मेयर संजीव सिंह ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाया जाएगा। तत्काल राहत के तहत बेघर हुए आशीष रवानी, निरंजन रवानी, बेबी देवी और विश्वजीत दे के परिवारों के लिए बस्ताकोला रेस्क्यू स्कूल स्थित जीएम कार्यालय में रात गुजारने की व्यवस्था की गई।