झारखंड मौसम: अगले चार दिनों तक कई जिलों में बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट

Spread the love

रांची: राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों और झारखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों तक कहीं-कहीं बारिश के साथ वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, संताल परगना के जिलों में मौसम के इस बदलाव का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिन के दौरान एक से दो बार बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले चार दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा और कहीं-कहीं वज्रपात हो सकता है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में रांची में अब तक 1056.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत 938.6 मिमी से करीब 13 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पूरे झारखंड में अब तक 871.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से पांच प्रतिशत कम है।

बुधवार को राज्य के कई जिलों में वज्रपात की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग झुलस गए। लोहरदगा में अयूब अंसारी (55) और कोयली उरांव (49), पलामू में किसान कुलदीप यादव (55), गिरिडीह में हुलास महतो (61) और अंतु महतो (80) की मौत हुई। वहीं, पिपरा की नागमती देवी तथा चैनपुर के रबदा निवासी रुक्मणि देवी और लक्ष्मण चौधरी झुलस गए। गिरिडीह में एक मिस्त्री के घायल होने की भी सूचना है। चैनपुर में वज्रपात से 13 मवेशियों की मौत हुई है।