जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार रात विसर्जन जुलूस के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। घायल जयप्रकाश यादव के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में रोहित सिंह, सौरभ सिंह, रिंकु, लाला, गौरव यादव और गौरव शर्मा को आरोपी बनाया गया है।


मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौरव शर्मा और रिंकु मोहंती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता देने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में जयप्रकाश यादव समेत तीन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद घायल जयप्रकाश यादव के बयान पर साकची थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

