जमशेदपुर: शहर में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। एसएसपी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित साइबर अपराध के मामलों का तेजी से निष्पादन करने को कहा।


बैठक में एसएसपी ने जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि साइबर ठगी की शिकायत मिलने पर ठगी की राशि को संबंधित बैंक खातों में जल्द से जल्द फ्रीज कराने की कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों की रकम सुरक्षित रखने की संभावना बढ़ सके।
एसएसपी ने साइबर अपराध के प्रति जागरूकता को भी जरूरी बताया। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में फिशिंग कॉल, ओटीपी फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा के साथ उनके त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

