शिवपूजन सिंह के निधन पर सामाजिक जगत में शोक, विकास सिंह ने बताया अपूरणीय क्षति

Spread the love

जमशेदपुर: वरिष्ठ नागरिक संघ और गांधी घाट के संयोजक शिवपूजन सिंह के निधन से शहर के सामाजिक और साहित्यिक जगत में शोक की लहर है। ब्रह्मर्षि विकास मंच के संरक्षक विकास सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिवपूजन सिंह का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

विकास सिंह ने कहा कि शिवपूजन सिंह वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई से लेकर आपदा राहत, रक्तदान और सांस्कृतिक गतिविधियों तक हर सामाजिक मुहिम में अग्रणी भूमिका निभाते थे। वह जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।

उन्होंने कहा कि शिवपूजन सिंह की बेबाकी, सक्रियता और निस्वार्थ सेवा भावना को शहरवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। उनके सामाजिक योगदान ने कई लोगों को प्रेरित किया। उनके निधन से सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों ने एक समर्पित साथी खो दिया है।