जमशेदपुर: मानगो गांधी मैदान में कचरा और निगम की गाड़ियों को लेकर सरयू राय ने उठाए सवाल, सफाई की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: दुर्गापूजा से पहले मानगो गांधी मैदान की सफाई व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के नाम पर संचालित स्कूल, गांधी जी की प्रतिमा और चिल्ड्रेन पार्क के आसपास नगर निगम की गाड़ियां और कूड़ा-कचरा पड़ा रहना उचित नहीं है। विधायक ने गांधी जयंती तक पूरे क्षेत्र की सफाई कराने और दुर्गापूजा तक व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।

सरयू राय के अनुसार, गांधी मैदान दुर्गापूजा समिति के सदस्यों ने उन्हें इस वर्ष पूजा स्थल का निरीक्षण कराया। समिति के सदस्यों ने आशंका जताई कि पूजा के दौरान यदि वहां निगम की गाड़ियां और कचरा पड़ा रहा तो श्रद्धालुओं को परेशानी होगी।

विधायक ने दावा किया कि मौके पर कुछ गाड़ियां कचरे से लदी और कुछ बिना इस्तेमाल के खड़ी मिलीं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के नाम पर संचालित स्कूल के बरामदे और दीवार के आसपास भी निगम की गाड़ियां खड़ी हैं। चिल्ड्रेन पार्क के किनारे कचरा जमा होने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

सरयू राय ने कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती है और ऐसे में गांधी प्रतिमा के आसपास साफ-सफाई जरूरी है। उन्होंने निगम से क्षेत्र को साफ कराने के साथ स्कूल की चहारदीवारी के निर्माण की दिशा में भी ध्यान देने की मांग की। विधायक के अनुसार, उन्होंने इसके लिए विधायक निधि से सहयोग की पेशकश की है।

उन्होंने मानगो नगर निगम के वर्तमान कार्यालय को लेकर भी सवाल उठाए। सरयू राय का कहना है कि यह भवन मूल रूप से गांधी स्मारक के लिए बनाया गया था और यहां महात्मा गांधी के जीवन से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित करने की परिकल्पना थी। उन्होंने निगम से कार्यालय के वर्तमान उपयोग और आवंटन के आधार की जानकारी देने तथा स्थायी कार्यालय विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को अदालत में ले जाने का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।