जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने शहर की कानून-व्यवस्था, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को विभिन्न सुझाव सौंपे। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (CCR) मनोज कुमार ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी मौजूद रहे।


चैम्बर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, चोरी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता, CCTV के प्रभावी इस्तेमाल, साइबर अपराध पर नियंत्रण और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति जैसे मुद्दे उठाए।
व्यापारियों एवं उद्यमियों की सुरक्षा को लेकर चैम्बर ने बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त एवं निगरानी बढ़ाने, आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई और FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने का सुझाव दिया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि पुलिस प्रशासन विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, गश्त और मॉनिटरिंग बढ़ाने की बात कही। उन्होंने दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर रास्ता संकरा नहीं करने की अपील की तथा साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी, उद्यमी और चैम्बर सदस्य मौजूद रहे।

