रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह ओवरब्रिज पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराकर पुल के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को मामूली खरोंचें आईं और उन्हें सुरक्षित कार से बाहर निकाल लिया गया।


टक्कर के कारण स्ट्रीट लाइट का पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर यातायात प्रभावित रहा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मदद के लिए आगे आते हुए पलटी कार को सीधा किया और दोनों युवकों को बाहर निकालने में सहायता की। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात को सामान्य कराया गया। हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

