जमशेदपुर: सट्टा और ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर 2 अक्टूबर को होगा ‘विचार क्रांति सम्मेलन’, जागरूकता अभियान पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर 2 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सट्टा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर विचार क्रांति सम्मेलन’ को लेकर शुक्रवार को बिष्टुपुर में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों और इसके उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सम्मेलन के संयोजक सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक अधिकारी मनोज सिंह और अमित शर्मा ने बताया कि बैठक में हाल के दिनों में नशे के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा की गई। आयोजकों ने कहा कि पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों के अलावा बड़े स्तर पर नशे और अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों पर भी कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से ऑनलाइन माध्यम से संचालित अवैध सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने की बात कही।

मनोज सिंह ने बताया कि 2 अक्टूबर के बाद शहर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की योजना है। इसके तहत एक टीम गठित कर स्कूलों और बस्तियों में जाकर बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। साथ ही नशे से होने वाले नुकसान और उपलब्ध कानूनी कार्रवाई की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अमित शर्मा ने बताया कि सम्मेलन 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से साकची स्थित धालभूम क्लब में आयोजित होगा। सम्मेलन की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे। बैठक में मुकुल मिश्रा, सुनील चौधरी, नीरज सिंह, जीतेंद्र सिंह जीतू, धर्मेंद्र सिंह, गोल्डन पांडेय और राजू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।