रांची/जमशेदपुर: सरयू राय ने फार्मेसी सेक्टर की व्यवस्था पर उठाए सवाल, स्पष्ट नियमावली की मांग

Spread the love

रांची/जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने झारखंड के फार्मेसी सेक्टर की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार से स्पष्ट नियमावली बनाने की मांग की है। रांची कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल सरयू राय ने कहा कि राज्य में फार्मेसी को लेकर स्पष्ट नियमावली नहीं होने से सेक्टर के संचालन में कई समस्याएं पैदा हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को इंडियन फार्मेसी एक्ट, 1948 को ध्यान में रखते हुए राज्य की स्पष्ट नियमावली तैयार करनी चाहिए और उसी के आधार पर फार्मेसी सेक्टर का संचालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमों में अस्पष्टता का फायदा उठाकर कुछ लोग व्यवस्था की खामियों का गलत इस्तेमाल करते हैं।

सरयू राय ने फार्मेसी काउंसिल में योग्य लोगों को जिम्मेदारी देने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने रजिस्ट्रार जैसे पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में योग्यता को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही उन्होंने राज्य में तेजी से बढ़ रहे फार्मेसी कॉलेजों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे संस्थानों की निगरानी जरूरी है, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं।

उन्होंने सस्ती दवाओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आम लोगों तक किफायती दवाएं पहुंचना जरूरी है। उन्होंने फार्मेसी सेक्टर में पारदर्शिता, योग्य नेतृत्व और बेहतर शिक्षा व्यवस्था पर जोर दिया।

कार्यक्रम में रांची कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह, झारखंड हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता राजीव कुमार, पूर्व गृह सचिव एन.एन. पांडेय समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।